
विश्व उद्यमिता दिवस पर सत्य साईं महिला महाविद्यालय में उद्यमिता सम्मान सम्मेलन स्वदेशी जागरण मंच के स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत 21 अगस्त से 2 अक्टूबर तक विश्व उद्यमिता दिवस के उपलक्ष्य में उद्यमिता सम्मान सम्मेलन विभिन्न हाई स्कूलों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सत्य साईं महिला महाविद्यालय भोपाल में विद्यार्थियों के बीच उद्यमिता, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का विषय रखा गया। कार्यक्रम में उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया, जो पढ़ाई के साथ-साथ अपनी छोटी-छोटी गतिविधियों के माध्यम से अर्थ-सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे चार विद्यार्थियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उन्हें उद्यमिता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को ‘इको मित्रम्’ एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए बताया गया कि प्रत्येक उत्सव, जन्मदिन अथवा विशेष अवसर पर पौधे तैयार कर उन्हें अपने घर एवं आसपास लगाएँ, उनकी नियमित देखभाल करें और हरित वातावरण के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता, स्वावलंबन और पर्यावरण संरक्षण—तीनों को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देना रहा।

