Shailendra
ShailendraModerator
1mo agoKorba, Chhattisgarh

सामाजिक संगठनों ने किया पौधरोपण अभियान दुर्ग। छत्तीसगढ़,पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ सामाजिक संगठन अजेय भारत, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एवं यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, दुर्ग-भिलाई यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सिविल लाइन चौक दुर्ग में सदस्यों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा वृहद पौधरोपण किया गया। अभियान के तहत छायादार एवं फलदार प्रजातियों के 100 से अधिक पौधों का रोपण कर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन समिति ने शहर में 501 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने पौधों के रोपण के साथ उनकी सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग संभाग के संभागीय आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने सभी पर्यावरण प्रेमियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की सुरक्षा की शपथ दिलाई। संभाग आयुक्त ने संबोधन में कहा कि औद्योगिक विकास और बढ़ते प्रदूषण के कारण पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे समय में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के हर विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण योगदान होगा। कार्यक्रम का संचालन अजेय भारत संगठन के प्रमुख संजय डहरवाल ने किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देने का संकल्प है। स्वागत भाषण में आनंद श्रीवास्तव एवं अभय तिवारी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में राजेंद्र द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया।

3 comments

No comments yet