
विश्व पर्यावरण दिवस पर भोजासर गौशाला में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ भोजासर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिरण रक्षार्थ शहीद शैतानसिंह गौशाला, भोजासर में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी बलदेवानंद शास्त्री ने की। कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया तथा पिछले वर्ष लगाए गए परिंडों का रखरखाव एवं निरीक्षण किया गया। साथ ही गौशाला में गायों को हरा चारा एवं गुड़ खिलाया गया तथा हिरणों के लिए चने की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर स्वामी बलदेवानंद शास्त्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गौशाला परिसर में 500 से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा तथा उनके संरक्षण की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण को लेकर चर्चा की गई तथा सभी उपस्थित लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में किशनाराम मांजू (उप निरीक्षक, राजस्थान पुलिस), बन्नेसिंह भाटी, पुखराज सोढ़ा, सागर मेहला सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी एवं गौसेवक उपस्थित रहे।
